उत्तराखण्ड

नैनीताल में 9 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड

खबर शेयर करें -

नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 9 जुलाई (गुरुवार) को जनपद नैनीताल में भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी तैयारियां तेज कर दी हैं।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और संवेदनशील सड़कों पर निगरानी बढ़ाने के साथ लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित एजेंसियों को जेसीबी मशीनें और कर्मचारियों की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल यातायात बहाल किया जा सके।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहने, मोबाइल फोन हर समय चालू रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास न जाएं तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।किसी भी आपदा या आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, मोबाइल नंबर 8272080884 तथा टोल-फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।