उत्तराखण्ड

50-60 हजार रुपये के लोन का झांसा देकर ठगे हजारों, बनभूलपुरा में 19 लोग बने शिकार

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में सस्ते लोन का झांसा देकर लोगों से हजारों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार एक महिला और एक पुरुष ने 50 से 60 हजार रुपये तक का लोन दिलाने का झूठा वादा कर दर्जनों लोगों से फाइल चार्ज और कमीशन के नाम पर करीब चार-चार हजार रुपये वसूल लिए। अब तक 18 से 19 पीड़ितों की पहचान हो चुकी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह कत्याल ने बताया कि मामला कोतवाली बनभूलपुरा क्षेत्र का है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को लोन दिलाने वाला बताकर लोगों का भरोसा जीतते थे और खाते में जल्द रकम भेजने का आश्वासन देकर प्रत्येक व्यक्ति से करीब चार हजार रुपये वसूल लेते थे रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल नंबर और अन्य महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।एएसपी ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनधिकृत संस्था या व्यक्ति के झांसे में आकर लोन के नाम पर पैसे जमा न करें। उन्होंने कहा कि ऋण केवल अधिकृत बैंकों, पंजीकृत वित्तीय संस्थानों और सहकारी समितियों से ही लिया जाए। यदि किसी संस्था या व्यक्ति पर संदेह हो तो लेन-देन से पहले नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में उसकी जानकारी अवश्य सत्यापित कर लें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।

बाइट : मनोज सिंह कत्याल पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी

News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव