उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में B.Tech छात्र ने फंदे से दी जान, घर के कमरे में लटका मिला शव

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से एक दुखद घटना सामने आई है। जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, घुड़दौड़ी में बीटेक द्वितीय वर्ष के 18 वर्षीय छात्र ओम नेगी ने अपने घर के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पारिवारिक कलह की बात सामने आने की जानकारी दी है। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, ओम नेगी मूल रूप से पौड़ी के गहड़ गांव का रहने वाला था। हाल ही में उसका परिवार पौड़ी के ब्लॉक रोड स्थित ब्लॉक कॉलोनी परिसर में रह रहा था। ओम जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, घुड़दौड़ी में बीटेक सेकेंड ईयर का छात्र था।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम ओम के पिता प्रदीप सिंह नेगी अपनी पत्नी के साथ स्थानीय बाजार गए हुए थे। घर में अकेला होने का फायदा उठाकर ओम ने अपने कमरे में पंखे से चुनरी के सहारे फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद जब माता-पिता घर लौटे तो बेटे को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए और परिवार में चीख-पुकार मच गई।

परिजन तुरंत ओम को जिला अस्पताल पौड़ी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पौड़ी कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजविक्रम पंवार और कोतवाल जयपाल नेगी ने बताया कि घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

बताया जा रहा है कि ओम नेगी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता चंडीगढ़ की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी (एमएनसी) में कार्यरत हैं और इन दिनों घर आए हुए थे। उसकी एक बड़ी बहन भी है, जो पढ़ाई कर रही है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी भरोसेमंद परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करें। समय पर मदद मिलना बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है।

News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव