NEET Paper Leak: सीबीआई ने इससे पहले परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और अन्य अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़े आपराधिक मामलों की सुनवाई करने वाली त्वरित अदालत में 13 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था.
दिल्ली की एक अदालत ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के पेपर लीक मामले में बुधवार को 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया. विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने सभी आरोपियों को औपचारिक रूप से 21 नवंबर को अदालत में पेश करने का निर्देश दिया. अदालत ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और साक्ष्य नष्ट करने समेत विभिन्न अपराधों के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया.
धारा 63 के तहत आरोप तय करने का आदेश
इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी आरोप तय किए जाएंगे. अदालत ने सभी आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 (कॉपीराइट का उल्लंघन) के तहत भी आरोप तय करने का आदेश दिया. न्यायाधीश ने कहा कि मामले की सुनवाई 25 नवंबर से प्रतिदिन के आधार पर शुरू की जाएगी. अदालत के विस्तृत आदेश की प्रतीक्षा है.
सितंबर में गिरफ्तार हुआ था 14वां आरोपी
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इससे पहले परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और अन्य अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़े आपराधिक मामलों की सुनवाई करने वाली त्वरित अदालत में 13 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था. जांच एजेंसी ने 14वें आरोपी शेषराव बजरंग सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी के खिलाफ पूरक आरोपपत्र भी दाखिल किया था. महाराष्ट्र के नांदेड़ निवासी सूर्यवंशी को दो सितंबर को गिरफ्तार किया गया था.
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक), यानी नीट-यूजी का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए करती है. प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बीच एनटीए ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी. इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी.


