उत्तराखण्ड

कांग्रेस में घमासान के बीच दिल्ली रवाना हुए हरीश रावत, आगे क्या होगा?

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड कांग्रेस में चल रहे सियासी घमासान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत आज दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हरीश रावत आज प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा से मुलाकात करेंगे, जबकि 8 अक्टूबर को उनकी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात प्रस्तावित है।

शैलजा की चिट्ठी के बाद बढ़ा विवाद
दरअसल, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की ओर से हरीश रावत को लेकर लिखी गई चिट्ठी के बाद पार्टी के भीतर विवाद और तेज हो गया है। हरीश रावत समर्थकों का आरोप है कि चिट्ठी के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री को सार्वजनिक तौर पर कमजोर दिखाने की कोशिश की गई। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की नाराजगी सामने आने लगी है। योजनाएंखोजें

क्या हरदा के पास है ‘लेटर बम’?
सबसे ज्यादा चर्चा उस दावे की है, जिसमें कहा जा रहा है कि हरीश रावत हाईकमान को अपना इस्तीफा देने वाले हैं। हालांकि कांग्रेस के संगठन से जुड़े कई पदों से हरीश रावत पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं, लेकिन वे कांग्रेस में बने हुए हैं। अब सवाल यह है कि अगर 8 अक्टूबर को केसी वेणुगोपाल के साथ बातचीत में कोई रास्ता नहीं निकलता है, तो क्या हरीश रावत कोई बड़ा राजनीतिक फैसला ले सकते हैं?

हरीश रावत के करीबी सूत्रों के हवाले से यह दावा किया जा रहा है कि वह मौजूदा घटनाक्रम से बेहद नाराज हैं। हालांकि हरीश रावत ने अब तक पार्टी लाइन से बाहर जाकर कोई बड़ा कदम नहीं उठाया है और पार्टी नेतृत्व के साथ बातचीत का रास्ता ही चुना है।

8 अक्टूबर पर टिकी उत्तराखंड कांग्रेस की निगाहें
हरीश रावत का दिल्ली दौरा ऐसे समय हो रहा है जब 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकट और नेतृत्व से जुड़े सवाल पहले ही चर्चा में हैं। ऐसे में शैलजा और फिर केसी वेणुगोपाल के साथ होने वाली मुलाकातें उत्तराखंड कांग्रेस की आगे की रणनीति के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कांग्रेस नेतृत्व हरीश रावत की नाराजगी दूर कर पाएगा या फिर 8 अक्टूबर को कोई बड़ा राजनीतिक फैसला सामने आएगा? फिलहाल सबकी नजरें दिल्ली पर हैं।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव