उत्तराखण्ड

BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का दूसरा दिन आज, राजनाथ सिंह होंगे शामिल

खबर शेयर करें -

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आज दूसरा दिन है। बैठक में आज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी, दोनों सह प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के 900 से अधिक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शाम करीब साढ़े तीन बजे कार्यसमिति की बैठक में शिरकत करेंगे।

BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का दूसरा दिन आज
बैठक में प्रदेश के सभी मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य, निकायों के जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे। दूसरे दिन की बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

बैठक में पहले दिन दिया संगठनात्मक तैयारियों का मंत्र
वहीं, कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक तैयारियों का मंत्र दिया गया। पार्टी ने अपने सभी सात मोर्चों को एक-एक लाख नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य सौंपा है। इसके लिए बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों तक संगठन की पहुंच बनाने पर जोर दिया गया।

दिसंबर के अंत तक होगी कार्यसमिति बैठकों की तिथियां घोषित
इसके अलावा दिसंबर के अंत तक सभी मोर्चों की कार्यसमिति बैठकों की तिथियां घोषित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इन बैठकों के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी के जनाधार को विस्तार देने की रणनीति पर काम किया जाएगा। ऐसे में कार्यसमिति के दूसरे दिन होने वाली चर्चा को संगठन की आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव