उत्तराखण्ड

लालकुआं: हल्दूचौड़ में 17 वर्षीय इंटर की छात्रा का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

खबर शेयर करें -

लालकुआं न्यूज़- नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हल्दूचौड़ के बच्चीधर्मा गांव में 17 वर्षीय किशोरी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार बच्चीधर्मा गांव निवासी हेम पांडे की 17 वर्षीय बेटी नेहा पांडे घर में फंदे से लटकी हुई मिली। बताया जा रहा है कि घटना के समय उसकी मां सब्जी लेने बाजार गई हुई थीं। घर लौटने पर उन्होंने बेटी को कमरे में पंखे से चुन्नी के सहारे लटका देखा, जिसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर कोतवाली प्रभारी ब्रजमोहन राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नेहा इंटरमीडिएट की छात्रा थी और मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ बताई जा रही थी। उसका उपचार दिल्ली के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। हालांकि, घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दुखद घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है

News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव