उत्तराखण्ड

हल्द्वानी: जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत ने सुनीं लोगों की समस्याएं, कई मामलों में दिए त्वरित निर्देश

खबर शेयर करें -

कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में दीपक रावत ने जनता की विभिन्न समस्याएं सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, धोखाधड़ी और साइबर उत्पीड़न से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए जनसुनवाई के दौरान भव्ये भंडारी ने बताया कि केवीएम पब्लिक स्कूल के संचालन के लिए शमशाद हुसैन के साथ 30 वर्षों का भूमि लीज अनुबंध किया गया था, लेकिन भूमि स्वामी अब भी संबंधित भूमि पर कब्जा किए हुए है। इस पर शमशाद हुसैन ने बताया कि वह स्कूल को 52 लाख रुपये वापस कर चुके हैं। मामले में आयुक्त ने शिकायतकर्ता को अग्रिम कानूनी कार्रवाई करने की सलाह दी।एक अन्य मामले में नई बस्ती निवासी जुबेदा ने शिकायत की कि उनके दिवंगत पति द्वारा दिए गए 3.50 लाख रुपये में से केवल 1.20 लाख रुपये लौटाए गए हैं, जबकि शेष राशि वापस नहीं की जा रही है। इस पर आयुक्त ने अगली जनसुनवाई में दोनों पक्षों को सुनकर बकाया राशि दिलाने का आश्वासन दिया।वहीं एक शिकायतकर्ता ने बताया कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने ग्राफिक एरा के निकट प्लॉट बेचने के नाम पर 9 लाख रुपये लेकर एग्रीमेंट किया था, लेकिन बाद में भू-स्वामी ने जमीन बेचने से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ता को अब तक आधी राशि ही वापस मिली है। आयुक्त ने शेष धनराशि जल्द वापस कराने का भरोसा दिलाया।इसके अलावा काठगोदाम निवासी एक महिला ने शिकायत की कि एक व्यक्ति द्वारा फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनके अश्लील फोटो और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित व्यक्ति को कड़ी चेतावनी दी और भविष्य में ऐसी हरकत दोहराने पर सख्त कार्रवाई की बात कही।