उत्तराखण्ड

रानीखेत में बुआ के घर आए अग्निवीर अभ्यर्थी की निर्मम हत्या, घर में घुसकर गला रेतकर उतारा मौत के घाट

खबर शेयर करें -

बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं पर भी हमला, गंभीर रूप से घायल; वारदात के बाद फरार हुए आरोपी, जांच में जुटी पुलिस


रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत तहसील के दूरस्थ गांव ऐना में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां बुआ के घर आए एक युवक की अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी। हमलावरों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला किया और उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं पर भी हमला किया गया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।भौगोलिक संदर्भ

पुलिस के अनुसार, गांव सिमोली निवासी 20 वर्षीय सागर पुत्र चंदन पढ़ाई के साथ-साथ सेना में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह कुछ समय के लिए अपनी बुआ जानकी देवी के घर ऐना गांव आया हुआ था। शुक्रवार देर शाम वह घर पर मौजूद था, तभी कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सागर पर ताबड़तोड़ वार किए। शोर सुनकर घर की महिलाएं बीच-बचाव के लिए पहुंचीं तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में सागर की बुआ और परिवार की अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

युवक की हत्या से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव