हल्द्वानी में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत मुखानी पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 43 पाउच (करीब 14.50 लीटर) कच्ची शराब और 96 टेट्रा पैक देशी मसालेदार शराब बरामद की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में की गई।पहली कार्रवाई में उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह की टीम ने पीपल पड़ाव क्षेत्र में वन विभाग बैरियर से आगे एक व्यक्ति को 43 पाउच अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पूरन सिंह (28) निवासी गूलरभोज, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई। उसके खिलाफ थाना मुखानी में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।वहीं दूसरी कार्रवाई में छड़ायल चौराहा स्थित ईजा का आशीर्वाद दुकान के पास चेकिंग के दौरान संतोष कुमार (46) निवासी दमुवाढूंगा, काठगोदाम को 96 टेट्रा पैक माल्टा देशी मसालेदार शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस का कहना है कि जनपद में ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


