रामपुर रोड स्थित अमेज़न गोदाम में हुई अग्निकांड की घटना के बाद प्रशासन ने शहर में फायर सुरक्षा मानकों की जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में बरेली रोड क्षेत्र स्थित एक बड़े पेंट गोदाम को सील कर दिया गया।कार्रवाई के दौरान तहसीलदार कुलदीप पांडेय, फायर विभाग के मिंदर पाल तथा विकास प्राधिकरण की टीम भी मौजूद रही। जांच में पाया गया कि गोदाम में करीब 9 लाख लीटर पेंट का भंडारण किया गया था और यह पिछले लगभग एक वर्ष से बिना वैध फायर एनओसी के संचालित हो रहा था। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि गोदाम की फायर एनओसी अक्टूबर 2025 में समाप्त हो चुकी थी। फायर विभाग की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बावजूद संचालकों द्वारा इसका नवीनीकरण नहीं कराया गया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में फायर सेफ्टी से जुड़ी कई खामियां भी सामने आईं।घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित होने और सुरक्षा मानकों का पालन न किए जाने के कारण संयुक्त टीम ने गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहर में संचालित ऐसे सभी गोदामों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी, जिनके पास फायर एनओसी नहीं है या जो निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

