हल्द्वानी। तीन दिन के लंबे वीकेंड के चलते नैनीताल, भीमताल और कैंची धाम समेत कुमाऊं के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या का सीधा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा है। हल्द्वानी से नैनीताल और भीमताल जाने वाले मार्गों पर शुक्रवार से ही वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।जाम के कारण कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में भी पर्यटकों को कई घंटे लग रहे हैं। दिल्ली से पहुंचे कुछ पर्यटकों ने अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि आधे घंटे का सफर चार से छह घंटे में पूरा हो, तो पर्यटन स्थल तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता है। कुछ पर्यटकों ने दोबारा भीमताल आने से बचने की बात भी कही।हालांकि, पुलिस प्रशासन ने हल्द्वानी से लेकर भीमताल और नैनीताल तक प्रमुख यातायात बिंदुओं पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। यातायात को सुचारु करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन पर्यटकों की भारी आमद के चलते कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी हुई है।वीकेंड के चलते देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल जिले का रुख कर रहे हैं। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ता यातायात दबाव अब प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनता नजर आ रहा है।


