रामनगर शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच रामनगर प्रशासन ने देर रात करीब नौ बजे शहर की पांच दुकानों पर अचानक छापेमारी की। उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।एसडीएम ने बताया कि दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने अचानक कार्रवाई की। इसके लिए तीन टीमें गठित की गई थीं। एक टीम का नेतृत्व तहसीलदार, दूसरी का नायब तहसीलदार और तीसरी टीम का नेतृत्व स्वयं एसडीएम ने किया।तीनों टीमों ने एक साथ पांच शराब की दुकानों की जांच की। जांच के दौरान कुछ दुकानों पर ओवररेटिंग से संबंधित शिकायतें सामने आईं। प्रशासनिक टीम ने मौके पर मौजूद ग्राहकों से भी पूछताछ की। एसडीएम के अनुसार, कुछ ग्राहकों ने निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने की बात कही।इसके बाद टीमों ने दुकानों की बिलिंग मशीन से बिक्री के प्रिंट निकलवाकर रिकॉर्ड की जांच की। एसडीएम ने बताया कि बिलिंग रिकॉर्ड की जांच में भी कुछ मामलों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने की पुष्टि हुई। संबंधित दुकानदारों से भी पूछताछ की गई।एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि जिन दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतें या अनियमितताएं मिली हैं, उनके खिलाफ संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायतों पर आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

