उत्तराखण्ड

भवाली :- माँ नन्दा देवी महोत्सव को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू

खबर शेयर करें -

भवाली (नैनीताल)। सुप्रसिद्ध माँ नन्दा देवी महोत्सव के पावन अवसर पर दिनांक 23 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले डोला विसर्जन एवं भव्य झांकी यात्रा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और यातायात पुलिस ने सुरक्षा व सुगम यातायात के लिए कमर कस ली है। इस विशेष अवसर पर कस्बा भवाली क्षेत्र में श्रद्धालुओं और आम जनता की अत्यधिक भीड़ उमड़ने तथा वाहनों के बढ़ते दबाव की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा एक व्यापक यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया गया है।

यह व्यवस्था कल सुबह से ही प्रभावी कर दी जाएगी ताकि उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और स्थानीय लोगों व पर्यटकों को आवाजाही में परेशानी का सामना न करना पड़े।

यातायात पुलिस द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार, रामगढ़ और घोड़ाखाल की ओर से आने वाले ऐसे समस्त वाहन जो मैदानी जनपदों (जैसे हल्द्वानी, काठगोदाम) या नैनीताल की ओर जाना चाहते हैं, उन्हें भवाली मुख्य बाजार में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को आवश्यकतानुसार श्यामखेत से डायवर्ट कर घोड़ाखाल मंदिर होते हुए घोड़ाखाल तिराहा से नैनी बैंड प्रथम के रास्ते उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

इस दौरान भवाली बाजार क्षेत्र में अनावश्यक वाहनों के प्रवेश को पूरी तरह से नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा, परिस्थितियों को देखते हुए भारी और यात्री वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।दूसरी ओर, खैरना और कैंची धाम की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए भी कड़े नियम तय किए गए हैं।

अल्मोड़ा या कैंची की ओर से आकर मैदानी क्षेत्रों या नैनीताल जाने वाले सभी वाहनों को शिप्रा पुल भवाली से डायवर्ट कर दिया जाएगा। इन वाहनों को सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग से होते हुए गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। इसी प्रकार, खैरना की ओर से मुक्तेश्वर या भीमताल जाने वाले वाहनों को भी मुख्य बाजार के बजाय यातायात की स्थिति के अनुसार वैकल्पिक मार्ग नैनी बैंड द्वितीय से नैनी बैंड प्रथम के रास्ते संचालित कर भेजा जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि माँ नन्दा देवी महोत्सव के मुख्य दिन भवाली बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों और बाहरी यात्री वाहनों (जैसे बस और कमर्शियल गाड़ियां) का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान केवल स्थानीय निवासियों के वाहनों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े अधिकृत वाहनों को ही नियंत्रित और जांच के बाद प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने सभी वाहन चालकों, पर्यटकों और स्थानीय जनता से अपील की है कि वे महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए इस यातायात व्यवस्था का पालन करें और पुलिसकर्मियों का सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति के लिए रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव