

बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में नैनीताल बैंक लिमिटेड एवं सी.एस.सी एस.पी.वी के बीच समझौता ज्ञापन किया गया।
इस साझेदारी का उद्देश्य सीएससी के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों में नागरिकों तक बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं की आसान और सुलभ पहुंच सुनिश्चित करना है।
समझौता ज्ञापन के संबंध में नैनीताल बैंक लिमिटेड एवं सीएससी एस.पी.वी के अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान श्री कुलदीप सिंह, कार्यकारी निदेशक’ ,नैनीताल बैंक लिमिटेड ने इस महत्वपूर्ण साझेदारी के लिए दोनों संस्थाओं को शुभकामनाएं दीं तथा बैंक मित्र सेवाओं के सफल क्रियान्वयन और विस्तार के लिए अपनी शुभेच्छाएं व्यक्त कीं।
समझौता ज्ञापन का औपचारिक आदान-प्रदान श्री अभिषेक गुप्ता (एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट), नैनीताल बैंक लिमिटेड एवं श्री अशवनी कुमार, स्टेट हेड सी.एस.सी एस.पी.वी के बीच किया गया। इस अवसर पर श्री अनिल कुमार, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर, नैनीताल बैंक लिमिटेड भी उपस्थित रहे।
यह साझेदारी सीएससी नेटवर्क के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को और मजबूत करेगी तथा नागरिकों को उनके नजदीकी सीएससी केंद्रों पर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नैनीताल बैंक लिमिटेड और सी.एस.सी एस.पी.वी के बीच यह सहयोग वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग तथा अंतिम छोर तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

