उत्तराखण्ड

दो दिवसीय दौरे पर आ रहे उपराष्ट्रपति: देहरादून-मसूरी में ट्रैफिक प्लान लागू, घर से निकालने से पहले पढ़ें रूट

खबर शेयर करें -

 

traffic plan route divert

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 19 और 20 अगस्त को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह देहरादून और मसूरी में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के वीवीआईपी दौरे को देखते हुए देहरादून पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। निर्धारित समय में कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। 

19 अगस्त को IGNFA में कार्यक्रम

उपराष्ट्रपति 19 अगस्त को देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (IGNFA) पहुंचेंगे। यहां वह भारतीय वन सेवा के 2025-27 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद करेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे। 19 अगस्त को दोपहर 1 बजे से 3:30 बजे तक वीवीआईपी भ्रमण के मद्देनजर रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

20 अगस्त को मसूरी में कार्यक्रम

दौरे के दूसरे दिन 20 अगस्त को उपराष्ट्रपति मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में आयोजित आईएएस प्रोफेशनल कोर्स के फेज-2 के वैलिडिक्टरी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।

अकादमी में अपने दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे। 20 अगस्त को दो अलग-अलग समय पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक और दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा।

इन रूटों पर रहेगा डायवर्जन

  • ऋषिकेश से देहरादून/मसूरी आने वाले वाहन रानीपोखरी-भोगपुर से थानों, 6 नंबर पुलिया, सहस्त्रधारा क्रासिंग और सर्वे चौक होते हुए देहरादून भेजे जाएंगे। मसूरी जाने वाले वाहन सहस्त्रधारा क्रासिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होते हुए मसूरी की ओर जाएंगे।
  • हरिद्वार से देहरादून/मसूरी आने वाले वाहन भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक, दूधली मार्ग और कारगी चौक के रास्ते देहरादून भेजे जाएंगे। मसूरी जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।
  • आशारोड़ी/प्रेमनगर से मसूरी जाने वाले वाहन आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी की ओर भेजे जाएंगे।
  • देहरादून से हरिद्वार/ऋषिकेश जाने वाले वाहन कारगी चौक, दूधली मार्ग, डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा होते हुए हरिद्वार/ऋषिकेश की ओर जाएंगे।
  • मसूरी से हरिद्वार/ऋषिकेश जाने वाले वाहन जेपी बैंड, बार्लोगंज, कुठालगेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुलिया, किरशाली चौक, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा क्रासिंग, 06 नंबर पुलिया, महाराणा प्रताप चौक और थानों रोड होते हुए गंतव्य की ओर जाएंगे।
  • ईसी रोड से मसूरी जाने वाले वाहन सर्वे चौक, सहस्त्रधारा क्रासिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होते हुए मसूरी भेजे जाएंगे।
  • घंटाघर से मसूरी जाने वाले वाहन ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर के रास्ते मसूरी जाएंगे।
  • हाथीबड़कला/दिलाराम से मसूरी जाने वाले वाहन दिलाराम, ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर होते हुए मसूरी की ओर भेजे जाएंगे।

डायवर्जन प्वाईंट

  • भोगपुर तिराहा (रानीपोखरी)
  • भानियावाला फ्लाई ओवर
  • डोईवाला थाने से 100 मी0 आगे दूधली रोड
  • कारगी चौक
  • शिमला बाईपास चौक
  • एनेक्सी तिराहा
  • सहस्त्रधारा क्रासिंग
  • साईं मन्दिर, राजपुर रोड
  • दिलाराम चौक
  • ग्रेट वैल्यू तिराहा
  • सांई मन्दिर तिराहा
  • कुठालगेट तिराहा 
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव