
सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में बच्चों के लिए खेल मैदान और अभ्यास की समुचित व्यवस्था नहीं होने का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बच्चे अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए श्मशान घाट में शव रखने के स्थान पर टेनिस खेलने को मजबूर हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक स्थिति है।
भूपेन्द्र भोज ने कहा कि बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए सरकार की ओर से लगातार बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन सोमेश्वर क्षेत्र में जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग है। बच्चों को अपनी प्रतिभा विकसित करने के लिए सुरक्षित और उपयुक्त खेल मैदान तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश के खेल मंत्री आते हैं, वहां खेल मैदान, अभ्यास स्थल और आवश्यक खेल सुविधाओं का अभाव सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को सुविधाओं के अभाव में अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने की बातें तो लगातार की जाती हैं, लेकिन धरातल पर बच्चों को खेलने के लिए बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
उन्होंने श्मशान घाट जैसी जगह पर बच्चों के खेल अभ्यास करने को व्यवस्था की गंभीर लापरवाही बताया। उनका कहना है कि बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण में खेल अभ्यास की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि उन्हें किसी तरह का जोखिम न उठाना पड़े और वे बेहतर तरीके से अपनी प्रतिभा का विकास कर सकें।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही क्षेत्र में खेल सुविधाओं की व्यवस्था नहीं की गई तो कांग्रेस इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि बच्चों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द उचित खेल मैदान और अभ्यास स्थल उपलब्ध कराया जाए


