उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में भालू का हमला, गाय को मार डाला; चार लोग घायल

खबर शेयर करें -

ज्योतिर्मठ में भालू का हमला, गाय को मार डाला; चार लोग घायल
गौशाला में घुसे भालू ने परिवार पर किया हमला, दो घायलों को हायर सेंटर रेफर

ज्योतिर्मठ। नगर में भालू का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे सिंहधार वार्ड में भालू ने एक गौशाला में हमला कर गाय को मार डाला। गाय की आवाज सुनकर जब पशुपालक परिवार के सदस्य गौशाला की ओर दौड़े तो भालू ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना में परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब तीन बजे सिंहधार वार्ड में भालू गौशाला में घुस गया और गाय पर हमला कर उसे मार डाला। गाय की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में बिन्देश कुमार के पैर पर गंभीर चोट आई, जबकि संतोषी देवी के हाथ पर भालू ने हमला कर दिया। इसके अलावा धमेश और ओमप्रकाश को भी चोटें आईं। परिवार के सदस्यों ने शोर मचाया तो भालू वहां से भाग गया।

घटना के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. गौतम ने बताया कि भालू के हमले में घायल बिन्देश कुमार (37) और संतोषी देवी (26) को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, धमेश और ओमप्रकाश को हल्की चोटें आई हैं।

इधर, घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के एसडीओ सुमन ने बताया कि भालू की गतिविधियों को देखते हुए संभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाएगा। साथ ही भालू को ट्रैंक्विलाइज (बेहोश) करने की कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि उसे पकड़कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव