
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। यहां एक प्लंबर ने कथित तौर पर पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला पर पेचकस से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से ही आरोपी को पकड़ लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
दो साल से बुजुर्ग दंपती के घर कर रहा था काम
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है। आरोपी प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो साल से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम करने के लिए आता-जाता था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी बुजुर्ग दंपती ने राजकुमार को प्लंबिंग के काम के लिए अपने घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर आरोपी और बुजुर्ग दंपती के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ा तो पेचकस से किया हमला
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि विवाद के दौरान उसने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली एक महिला ने बुजुर्ग दंपती की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि आरोपी ने उस महिला पर भी पेचकस से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर घर के अंदर गिर पड़े।
अस्पताल में तीनों की मौत
मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से रायपुर पुलिस को सूचना मिली कि तपोवन क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में एक घर में चोरी की घटना हुई है और एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया है। सूचना मिलते ही रायपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ रखा था।
घर के अंदर बुजुर्ग दंपती और एक महिला लहूलुहान हालत में अचेत पड़े थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया पेचकस बरामद किया है।
आरोपी के पास से सोने की चेन भी बरामद
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जहां फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर रायपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है।
CCTV में अकेले घर की तरफ जाता दिखा आरोपी
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेला जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस अन्य CCTV फुटेज को भी खंगाल रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान राजकुमार पुत्र वीरेन्द्र सिंह निवासी इन्द्रेश नगर मूल निवासी बांदा के रूप में हुई है


