उत्तराखण्ड

हल्द्वानी – शुद्धिकरण मामले में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने जेपी नड्डा को लिखा पत्र, सदन के आश्वासन की दिलाई याद

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी – हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कराए गए कथित शुद्धिकरण के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा को पत्र लिखकर इस मामले में सदन में दिए गए आश्वासन की याद दिलाई है। उन्होंने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

खड़गे ने पत्र में कहा है कि घटना को 24 दिन बीत चुके हैं, लेकिन इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने इसे गंभीर और घृणित घटना बताते हुए कहा कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्र में कहा कि यह मामला केवल उनके या भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि व्यापक तौर पर करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वाले लोगों को सबक सिखाना जरूरी है।

खड़गे ने जेपी नड्डा से आग्रह किया है कि राज्यसभा में दिए गए आश्वासन और मामले से जुड़े तथ्यों के आधार पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को निर्देशित किया जाए। साथ ही हल्द्वानी में उनकी जनसभा के बाद रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम में शामिल व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस पत्र के सामने आने के बाद हल्द्वानी के इस मामले को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज होने के आसार हैं। कांग्रेस ने जहां इसे सामाजिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर विषय बताया है, वहीं अब मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पार्टी ने केंद्र और राज्य सरकार पर दबाव बढ़ाया है।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव