
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में सशक्त बहना उत्सव के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों से विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। सीएम ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
सीएम धामी ने किया ‘वोकल फॉर लोकल’ का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं स्वयं-सहायता समूहों के ज़रिए जो उत्पाद बना रही हैं, वे हमारी स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और शिल्पकारी की झलक हैं। इन उत्पादों को खरीदकर हम न केवल स्थानीय सामान को बढ़ावा देते हैं, बल्कि इसमें शामिल महिलाओं की आजीविका को मज़बूत करने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में भी योगदान देते हैं।
सीएम ने कहा कि त्योहारों का मौसम स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का एक बड़ा मौका है। उन्होंने राज्य के लोगों से अपील की कि त्योहारों के दौरान तोहफ़े और रोज़मर्रा की चीज़ें खरीदते समय वे ज़्यादा से ज़्यादा स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। स्थानीय स्तर पर बनी चीज़ों की हर खरीद से किसी परिवार की आमदनी बढ़ती है, महिलाओं के स्वरोज़गार को मज़बूती मिलती है और राज्य की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलता है।
उद्यमियों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध करा रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देश में स्थानीय उत्पादों के प्रति एक नया विश्वास पैदा किया है। राज्य सरकार भी महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस त्योहारी सीजन में स्थानीय उत्पाद खरीदें, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें और ‘वोकल फॉर लोकल’ को जन-अभियान बनाने में अपना योगदान दें। स्थानीय उत्पादों को अपनाने से ही आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक मजबूती मिलेगी
