
Rishikesh Accident: देहरादून से बड़ी खबर सामने आ रही है। ऋषिकेश में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की कार हादसे का शिकार हो गई। जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत (Rishikesh Accident)
हादसा बीती रात का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा अपनी ड्यूटी ख़त्म कर अपने घर रानीपोखरी लौट रहे थे। इस दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। राहगीरों ने सुबह खाई में कार देख हादसे की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने कब्जे में लिया शव
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने खाई में देखा तब तक चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने चौकी प्रभारी का शव खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्कॉर्पियो में कितने लोग सवार थे पुलिस के पास अभी इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है।
सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं विनोद शर्मा
बता दें शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। साथ ही वे पुलिस विभाग में भी काफी लोकप्रिय थे। शिवपुरी से पहले वे ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनकी मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
