उत्तराखण्ड

हरक सिंह का सरकार व भाजपा पर पलटवार: ‘एक दाग भी साबित हुआ तो राजनीति से ले लूंगा संन्यास’

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड राजनीति में जेनी प्रकरण को लेकर उपजा राजनीतिक घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार और उसके नेताओं पर उनकी छवि खराब करने का षड्यंत्र रचने का गंभीर आरोप लगाया है। हरक सिंह रावत ने बेहद तल्ख लहजे में भाजपा को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर इस मामले में उन पर एक भी दाग साबित हो गया, तो वे राजनीति से हमेशा के लिए संन्यास ले लेंगे।

अदालत की देखरेख में दोबारा जांच, डीएनए टेस्ट कराने की चुनौती
कांग्रेस भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश व केंद्र की सत्ताधारी भाजपा सरकार उनके खिलाफ जेनी प्रकरण का सहारा लेकर राजनीतिक षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने आक्रामक अंदाज में कहा कि यदि सरकार को लगता है कि कुछ गलत हुआ है, तो न्यायालय की देखरेख में पूरी ईमानदारी से इस प्रकरण की दोबारा निष्पक्ष जांच करा ली जाए। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती दी कि अदालत की निगरानी में फिर से उन सभी भाजपाइयों और उनका डीएनए (DNA) टेस्ट करा लिया जाए। हरक सिंह ने यह भी दावा किया कि दून अस्पताल के आधिकारिक रिकॉर्ड में जेनी के बेटे के पिता के स्थान पर ‘बबलू’ नाम दर्ज है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में ही सीबीआई जांच और डीएनए रिपोर्ट में उन्हें इस मामले में पूरी तरह क्लीन चिट मिल चुकी है।

पूर्व विधायक विजय बड़थ्वाल बोलीं- ‘मानहानि के आरोपों पर दें स्पष्टीकरण’
दूसरी ओर, जेनी प्रकरण में नाम घसीटे जाने से आहत पूर्व विधायक विजय बड़थ्वाल ने देहरादून में एक विज्ञप्ति जारी कर हरक सिंह रावत के आरोपों का खंडन किया है। बड़थ्वाल ने कहा कि उनका हरक सिंह या जेनी से कोई व्यक्तिगत लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत लगातार उन पर और पूर्व विधायक आशा नौटियाल पर मानहानि करने का आरोप लगा रहे हैं और धमकी दे रहे हैं। बड़थ्वाल ने मांग की कि हरक सिंह रावत सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करें कि आखिरकार उन्होंने ऐसा क्या किया, जिससे उनकी मानहानि हुई? बड़थ्वाल ने याद दिलाया कि जब यह मामला पहली बार 2003 में आया था, तब तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष यशपाल आर्य ने काशी सिंह ऐरी की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति बनाई थी, जिसमें वे खुद, अजय भट्ट, आशा नौटियाल और जिलाधिकारी शामिल थे। समिति ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा था कि हरक सिंह रावत या जेनी से उनका कोई निजी संबंध नहीं है। उन्होंने अपील की कि देवभूमि की राजनीति की शुचिता बनी रहनी चाहिए और इस तरह की ओछी राजनीति बंद होनी चाहिए।

22 साल की चुप्पी के बाद अचानक क्यों? : पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत
पिथौरागढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी जेनी प्रकरण के अचानक सामने आने पर गंभीर सवाल उठाए। हरीश रावत ने कहा कि 22 साल की लंबी चुप्पी के बाद चुनाव से ठीक पहले जेनी का अचानक सामने आना अपने आप में कई शंका पैदा करता है। उन्होंने सवाल किया कि जब हरक सिंह रावत भाजपा की सरकार में मंत्री थे, तब भाजपा सरकार ने इस मामले को क्यों नहीं खंगाला? हरीश रावत ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जिस वीआईपी का नाम सामने आ रहा है, सरकार उसे बचा रही है और उस पर कार्रवाई करने के बजाय राजनीतिक विरोधी को निशाना बना रही है।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव