
छठ महापर्व की धूम देहरादून से लेकर हरिद्वार तक देखने को मिल रही है। सोमवार सुबह होते ही छठी मैया के गीतों से घाट गूंज उठे। हाथों में पूजन सामग्री और डलिया लिए व्रती परिवार के साथ घाटों पर पहुंचे। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन भी छठ के रंग में नजर आए।
व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य
देहरादून से लेकर हरिद्वार में छठ महा पर्व को लेकर सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। नेहरू कॉलोनी स्थित मिथिला छठ घाट और ब्रह्मपुरी छठ घाट समेत विभिन्न घाटों पर व्रती सुबह होने से पहले ही पहुंच गए। यहां श्रद्धालुओं ने जल में उतरकर पूजा-अर्चना की और उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। नक्शेदेखें
छठ के रंग में रंगे नजर आए CS
उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन भी छठ के रंग में रंगे नजर आए। बीते रविवार को उन्होंने अपनी पत्नी के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। साथ ही उन्होंने छठ पूजा के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी ।
सीएस ने कहा कहा कि छठ पूजा आस्था, श्रद्धा, त्याग और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता, अनुशासन, आत्मसंयम एवं सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि सूर्यदेव और छठी मैया की कृपा से सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनी रहे तथा प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।
छठ महोत्सव के कार्यक्रम में शामिल हुए CM
रविवार देर शाम को सीएम धामी खटीमा स्थित पूर्वांचल सेवा समिति पहुंचे। जहां उन्होंने छठ महोत्सव में प्रतिभाग किया। सीएम ने भगवान सूर्य नारायण की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने वार्ड नंबर 14, संजय रेलवे पार्क के समीप छठ घाट सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया



