उत्तराखण्ड

नशे में धुत व्यक्ति से लूट की कोशिश, धक्का लगने से हुई मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

Dehradun Man dies during attempted robbery 2 suspects arrested

राजधानी देहरादून में सड़क किनारे मिले एक लावारिस शव की जांच के दौरान पुलिस ने मौत की गुत्थी सुलझाते हुए गैर इरादतन हत्या के मामले का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, दो आरोपियों ने लूट के इरादे से एक व्यक्ति के साथ मारपीट की और उससे पैसे छीनने का प्रयास किया।

नक्शेदेखें

सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिला था व्यक्ति

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 20 अक्टूबर 2026 की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली पटेलनगर को सूचना मिली कि सेवला खुर्द क्षेत्र में राजा रानी वेडिंग पॉइंट के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के कपड़ों की तलाशी के दौरान उसकी पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखवाकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए।

CCTV फुटेज से सामने आई मारपीट की घटना

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो व्यक्ति मृतक के पीछे जाते दिखाई दिए। इनमें से एक व्यक्ति ने अचानक मृतक के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर धक्का दे दिया। फुटेज में व्यक्ति के गिरने के बाद दोनों आरोपियों का मौके से चले जाना और कुछ देर बाद वापस आकर उसे हिलाकर देखने की बात भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, व्यक्ति की मौत होने की जानकारी मिलने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खुद वादी बनकर दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ के बाद गिरफ्तारी

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पटेलनगर में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान मिली जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

नक्शेदेखें

ISBT के पास शराब के ठेके से कर रहे थे पीछा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं और शराब के ठेकों के आसपास घूमते रहते हैं। वहां वे अत्यधिक नशे में जा रहे लोगों को चिन्हित कर उनका पीछा करते थे। इसके बाद सुनसान स्थान मिलने पर उनसे पैसे और अन्य सामान छीनने का प्रयास करते थे। आरोपियों के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात वे ISBT क्षेत्र में शराब के ठेके के पास घूम रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक व्यक्ति अत्यधिक शराब के नशे में जाता दिखाई दिया।

दोनों आरोपी उसका पीछा करते हुए सेवला खुर्द क्षेत्र तक पहुंचे, जहां उन्होंने सुनसान जगह देखकर उसके साथ मारपीट की और पैसे छीनने का प्रयास किया। इस दौरान धक्का लगने से व्यक्ति सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। आरोपी वहां से भाग गए, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौटे और व्यक्ति को हिलाकर देखा। उसकी मौत हो जाने की जानकारी मिलने पर दोनों घबराकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का इरादा व्यक्ति को लूटने का था, लेकिन मारपीट के दौरान जोर से धक्का दिए जाने के कारण उसे अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में अशरफ उर्फ काला (26), पुत्र असगर, निवासी ब्राह्मणवाला, थाना पटेलनगर, देहरादून और सफदर (36), पुत्र अकबर, निवासी जीवनगढ़, थाना विकासनगर, देहरादून को गिरफ्तार किया है। सफदर वर्तमान में ब्राह्मणवाला, पटेलनगर में किराये पर रह रहा था

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव