उत्तराखण्ड

पौड़ी के युवक को हल्द्वानी में चाकू मारा, चार लाख रुपये गायब

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। देहरादून से हल्द्वानी पहुंचे पौड़ी निवासी एक युवक पर बस से उतरते ही अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसके बैग से करीब चार लाख रुपये गायब होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार पौड़ी निवासी विकास देहरादून में डिजिटल मार्केटिंग का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें हल्द्वानी निवासी कारोबारी सुनील को चार लाख रुपये का भुगतान करना था। शनिवार देर रात विकास देहरादून से बस में सवार होकर हल्द्वानी के लिए रवाना हुए और रविवार सुबह करीब चार बजे हल्द्वानी बस अड्डे पहुंचे।

बस से उतरने के बाद एक युवक ने चाकू की नोक पर विकास से रुपये मांगे। विरोध करने पर आरोपी ने उनके पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू नाभि के पास लगने से विकास गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख सुनकर एक राहगीर मौके पर पहुंचा और घायल को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
विकास के मुताबिक घटना के बाद उनके बैग से करीब चार लाख रुपये गायब हैं। पुलिस मामले को लूट और हमले के एंगल से भी जांच रही है। एसएचओ विजय मेहता ने बताया कि घटना संज्ञान में है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावर की तलाश की जा रही है। घायल होने के कारण विकास से अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस रकम गायब होने की भी जांच कर रही है

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव