
हल्द्वानी। हैड़ाखान मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शनिवार देर रात अनियंत्रित होकर एक बाइक करीब 100 मीटर गहरी खाई से होते हुए गौला नदी में जा गिरी। इस हादसे में बाइक चला रहे पेंटर की दुखद मौत हो गई, जबकि उनका साथी टेलर नदी के तेज बहाव में लापता हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें राहत कार्य में जुट गई हैं।
मृतक की पहचान 48 वर्षीय दिलीप कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंट ठेकेदार थे। मिली जानकारी के मुताबिक, दिलीप अपने पड़ोसी और टेलर राजू आर्या के साथ खनस्यूं गांव में पेंटिंग का ठेका तय करने गए थे। काम की बात पक्की होने और एडवांस रकम मिलने के बाद दोनों देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भोड़िया गांव के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
रविवार दोपहर तक दोनों के घर न पहुंचने पर चिंतित परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिले। शाम को परिजनों ने काठगोदाम कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी की दर्ज कराई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत संयुक्त रूप से खोजबीन शुरू की। सोमवार सुबह पुलिस को दिलीप कुमार का शव नदी किनारे से बरामद हुआ, लेकिन राजू आर्या और बाइक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
इस अचानक हुए हादसे से दोनों पीड़ित परिवारों में गहरा शोक छा गया है। मृतक दिलीप और लापता राजू दोनों के तीन-तीन छोटे बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लापता राजू की तलाश में गौला नदी के आसपास लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने पहाड़ी मार्गों पर देर रात यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।



