उत्तराखण्ड

पिकअप की जोरदार टक्कर से बाइक सवार डिलीवरी बॉय की मौत, चालक हिरासत में

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित गन्ना सेंटर के पास देर रात पिकअप और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धानमिल, बरेली रोड निवासी रुचित सक्सेना (36) ऊधमसिंह नगर के गदरपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर गए थे। देर रात वह बाइक से हल्द्वानी लौट रहे थे। रामपुर रोड स्थित गन्ना सेंटर के पास सामने से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रुचित गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रुचित को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद परिजनों को सूचना दी।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि रुचित डिलीवरी बॉय का काम करते थे। हादसे में उनकी मौत हुई है और पिकअप चालक को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव