उत्तराखण्ड

पौड़ी में बारिश बनी काल: मलबे में दबने से दो साल के मासूम की मौत, दो की तलाश जारी

खबर शेयर करें -

 

2-year-old-child-dies-after-being-buried-under-debris-in-pauri-kotdwar-mehar-village

पौड़ी गढ़वाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। बारिश के साथ हो रहे भूस्खलन और मलबे से कई क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है। मंगलवार सुबह लैंसडाउन थाना क्षेत्र के मेहर गांव में मलबा आने से एक मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त मकान के अंदर तीन लोगों के मौजूद होने की सूचना है।

मलबे में दबने से दो साल के मासूम की मौत

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मलबा हटाने के दौरान रेस्क्यू टीम को दो साल के मासूम रुद्राक्ष पुत्र नवीन सिंह का शव बरामद हुआ। मासूम की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

2 की तलाश जारी

वहीं मलबे में दबे धीरेंद्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह (46) और मथुरा देवी पत्नी प्रताप सिंह (70) की तलाश में रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। भारी बारिश के बीच एसडीआरएफ और पुलिस जवान सावधानी से मलबा हटाकर दोनों की तलाश कर रहे हैं। लगातार बारिश और पहाड़ी भूभाग के कारण राहत एवं बचाव दल को अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

18 अगस्त को उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम? (Uttarakhand weather)

मौसम विभाग ने 18 अगस्त को प्रदेश के पांच जिलों के लिए भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वैज्ञानिकों की माने तो मंगलवार को राजधानी देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिले में भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में पहाड़ों में सफर करने वाले लोगों से सावधानी करने की अपील की है।

उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग की माने तो 19 अगस्त को बागेश्वर और नैनीताल जिले में भारी बारिश होगी। वहीं 20 अगस्त को बागेश्वर और देहरादून जिले में भारी बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा 21 और 22 अगस्त को राज्य के अनेक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का क्रम जारी रहेगा।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव