
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग के अन्तर्गत 9 लाख 87 हजार 17 विभिन्न पेंशन लाभार्थियों को कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हज़ार की पेंशन राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया। यह भुगतान जुलाई माह 2026 की पेंशन का किया गया।
सीएम धामी ने किया 9 लाख 87 हजार पेंशनरों को DBT भुगतान
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार, समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरण किया जा रहा है, जिससे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधे लाभ मिल रहा है। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
सरकार के परिवार का हिस्सा है समाज का कमजोर वर्ग: CM
सीएम धामी ने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग, सरकार के परिवार का हिस्सा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि पेंशन के लिए किसी बुजुर्ग माता-पिता, विधवा बहन या दिव्यांग भाई को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। हमारा संकल्प प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक, समय पर और बिना किसी परेशानी के उसका अधिकार पहुंचाना है।
समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास से संभव है राज्य का विकास: CM
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। राज्य का विकास समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास से ही संभव है।
9,87,017 लाभार्थियों को दिया पेंशन का लाभ
गौरतलब है कि जुलाई 2026 में विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत कुल 9,87,017 लाभार्थियों को पेंशन का लाभ दिया गया। इसके लिए कुल 146.32 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की गई। इसके अंतर्गत वृद्धावस्था पेंशन के कुल 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 92.34 करोड़ की पेंशन वितरित की गई। वहीं विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को 1,500 प्रतिमाह की दर से 35.54 करोड़ रुपए की धनराशि दी गई।
दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 1,500 की दर से 13.36 करोड़, किसान पेंशन के 2,288 लाभार्थियों को 1,200 की दर से 3.2 करोड़ और परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को 1,200 की दर से 99.408 लाख वितरित किए गए। इसके अलावा भरण-पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को 700 की दर से 51.68 लाख , तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को 1,200 की दर से 26.35 लाख और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को 1,200 की दर से 1.524 लाख की धनराशि वितरित की गई

