उत्तराखण्ड

अजय टम्टा से मिले भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक, अल्मोड़ा बायपास और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर हुई चर्चा

खबर शेयर करें -

अल्मोड़ा वरिष्ठ भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग राज्य मंत्री और अल्मोड़ा पिथौरागढ़ लोकसभा सांसद अजय टम्टा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

अजय टम्टा से बिट्टू कर्नाटक ने अल्मोड़ा बायपास और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर की चर्चा

मुलाकात के दौरान विशेष रूप से कुमाऊं मंडल में राष्ट्रीय राजमार्गों के सुदृढ़ीकरण, लंबित सड़क परियोजनाओं, बायपास निर्माण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। बिट्टू कर्नाटक ने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा के समक्ष अल्मोड़ा सहित कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों की वर्तमान स्थिति रखते हुए कहा कि उनके विभाग द्वारा बेहतर सड़क संपर्क स्थापित कर क्षेत्र के विकास की आधारशिला रखने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पर्वतीय क्षेत्रों में सुरक्षित व आधुनिक सड़क नेटवर्क विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया है। साथ ही कर्नाटक ने अन्य कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने के उपायों पर हुई चर्चा

मुलाकात के दौरान अल्मोड़ा नगर के बायपास निर्माण सहित क्षेत्र में यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि बायपास बनने से नगर क्षेत्र में जाम की समस्या कम होगी। आम लोगों को राहत मिलेगी तथा पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि सड़क संपर्क को मजबूत बनाने और राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पर्वतीय राज्यों में सड़क अवसंरचना के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उत्तराखंड की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

केंद्र सरकार देशभर में सड़क संपर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए कार्य कर रही

मुलाकात के बाद बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देशभर में सड़क संपर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए अभूतपूर्व कार्य कर रही है।उन्होंने विश्वास जताया कि अल्मोड़ा एवं पूरे कुमाऊं क्षेत्र से जुड़े सड़क और बायपास के महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी केन्द्रीय राज्यमंत्री द्वारा सकारात्मक पहल होगी। जिससे स्थानीय जनता को बेहतर यातायात सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव