
देहरादून में उपद्रवियों के हौसले दिन पर दिन बुलंद होते जा रहे हैं। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के आईएसबीटी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर 12 से 13 युवकों द्वारा उत्पात मचाने और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक लोहे की रॉड, हॉकी और लाठी-डंडों से लैस होकर पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के कमरे में घुसे और उन पर हमला कर दिया। घटना में चार कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें दो के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, पेट्रोल पंप प्रबंधन ने हमलावरों पर 85 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया है।
मशीन पर पेट्रोल डालने को लेकर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, आईएसबीटी स्थित श्री बांके बिहारी फिलिंग स्टेशन के चालक संजीव कुमार ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, मंगलवार सुबह कुछ युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और सीएनजी मशीन के पास जाकर पेट्रोल डालने के लिए कहने लगे। इस पर कर्मचारी हिमांशु ने उन्हें बताया कि संबंधित मशीन सीएनजी की है और पेट्रोल आगे लगी दूसरी मशीन से मिलेगा। आरोप है कि इस बात पर युवक भड़क गए और हिमांशु के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे सबक सिखाने की धमकी देने लगे। इसके करीब एक घंटे बाद 12 से 13 युवक दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचे। इस बार उनके हाथों में लोहे की रॉड, हॉकी, लाठी-डंडे और अन्य धारदार हथियार थे।
शिकायत के अनुसार, युवकों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के कमरे में घुसकर हमला कर दिया और कर्मचारियों को बुरी तरह पीटा। हमले में हिमांशु और टिंकू के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रितिक और सावन भी घायल हुए हैं। पेट्रोल पंप प्रबंधन का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर कर्मचारियों के पास रखी 85 हजार रुपये की नकदी भी लूटकर ले गए। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में कुछ संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक युवक बुलेट पर नजर आ रहा है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। आईएसबीटी चौकी प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप चालक संजीव कुमार की शिकायत के आधार पर 12 से 13 अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।


