उत्तराखण्ड हल्द्वानी

मानसून अलर्ट: परिवहन विभाग ने वाहन चालकों के लिए जारी की अहम एडवाइजरी

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद परिवहन विभाग ने सभी प्रकार के व्यावसायिक एवं सार्वजनिक वाहन चालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने परिवहन निगम के अधिकारियों, टैक्सी, मैक्सी कैब, बस, ट्रक, ऑटो, ई-रिक्शा सहित विभिन्न वाहन यूनियनों से अपील की है कि वे अपने-अपने चालकों को तत्काल सुरक्षा संबंधी निर्देशों से अवगत कराएं।जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पहाड़ी मार्गों और पत्थर गिरने वाले स्थानों पर अनावश्यक यात्रा से बचा जाए। जिन मार्गों पर जलभराव, भू-कटाव या सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना हो, वहां वाहन संचालन न किया जाए। तेज बहाव वाले नालों, रपटों और पुलियाविहीन स्थानों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाने की सलाह दी गई है।परिवहन विभाग ने चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन न चलाने तथा मौसम और प्रशासन द्वारा जारी ताजा अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा है। किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या मार्ग अवरुद्ध होने की जानकारी तुरंत जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन केंद्र या संबंधित विभाग को देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।विभाग ने कहा कि मानसून के दौरान थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसों को टाल सकती है। इसलिए सभी वाहन चालक और परिवहन यूनियनें सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

ADVERTISEMENTS Ad