हल्द्वानी। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में तिकोनिया से वर्कशॉप लाइन तक सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण पर बुल्डोजर चलाकर कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे लगाए गए कई अवैध ठेले और अन्य सामान जब्त किए। इसके अलावा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ चालान काटकर जुर्माना भी वसूला गया।प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई शुरू होते ही कई दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।अधिकारियों ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम लोगों व पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ और अधिक सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



