
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने के लिए कांग्रेस ने बड़ा अभियान छेड़ने का ऐलान किया है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान की घोषणा की। यह अभियान 28 जून से शुरू होगा और राज्य की सभी विधानसभा सीटों को कवर करेगा।
उत्तराखंड कांग्रेस शुरू करेगी जनसंपर्क अभियान
प्रेस वार्ता में कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस अब गांव-गांव और विधानसभा-विधानसभा पहुंचकर जनता से सीधा संवाद करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों और जनविरोधी फैसलों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी तथा स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
इन मुद्दों को लेकर सरकार को घेरेगा विपक्ष
प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में पेपर लीक, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर कांग्रेस जनता के बीच अपनी बात रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दी जिलमेदारी
अभियान के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुमाऊं मंडल में बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ की कमान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल संभालेंगे। वहीं रुद्रप्रयाग, पौड़ी और चमोली जिलों में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत अभियान का नेतृत्व करेंगे।
उत्तरकाशी और टिहरी जनपदों में प्रीतम सिंह, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक विक्रम सिंह नेगी विधानसभा स्तर पर जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। जबकि नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा अभियान को आगे बढ़ाएंगे। वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं और जनता से संवाद करेंगे।
मैदानी जिलों से होगी प्रथम चरण की शुरुआत
कांग्रेस ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों से की जाएगी। पार्टी का दावा है कि इस अभियान के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया जाएगा।



