हल्द्वानी। मुखानी रोड स्थित एक डेयरी में शनिवार शाम गैस पाइप लीक होने के कारण 19 किलो के कमर्शियल LPG सिलेंडर में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन हल्द्वानी की टीम मौके पर पहुंची।फायर विभाग के अनुसार, संतोष डेयरी (मैक्स पैथोलॉजी लैब के निकट) में सिलेंडर से जुड़ी गैस पाइप लाइन में रिसाव होने से आग लगी थी। डेयरी कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए CO2 अग्निशामक यंत्र की मदद से फायर यूनिट के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया।हालांकि आग की गर्मी से पास में रखे दो अन्य LPG सिलेंडर भी गर्म हो गए थे। फायर कर्मियों ने तत्काल उन्हें सुरक्षित स्थान पर निकालकर पानी डालकर ठंडा किया, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।इसके बाद फायर टीम ने दुकान मालिक, कर्मचारियों और आसपास के व्यापारियों को LPG सिलेंडरों एवं विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, अग्नि सुरक्षा उपायों तथा अग्निशामक यंत्र लगाने के संबंध में जागरूक किया।फायर यूनिट में LFM अनुज शर्मा, DVR पुष्कर सिंह नेगी, FM दीपक सुतेड़ी एवं FW दीपिका उपाध्याय शामिल रहे।

