उत्तराखण्ड

रुड़की में कार लूटकर भाग रहे बदमाशों ने स्कूटी को मारी टक्कर, रिटायर्ड कर्मचारी की मौत; आरोपित हुए फरार

खबर शेयर करें -

मंगलौर क्षेत्र में तीन बदमाशों ने एक कार लूट ली। भागते समय बदमाशों ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त इंजीनियर की मौत हो गई। …और पढ़ें

News Article Hero Image
हादसे के बाद कार मौके पर छोड़ फरार हुए बदमाश।

मंगलौर (रुड़की)। मंगलौर क्षेत्र में तीन बदमाशों ने कार लूट कर चालक को फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।

इसी दौरान भागने के चक्कर में रिटायर्ड सिंचाई विभाग के इंजीनियर की स्कूटी को टक्कर मार दी। जिनसे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद आरोपित बदमाशी कर को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के नगला श्री निवासी रोहित कार बुकिंग पर चलाते हैं।

शनिवार की शाम तीन युवकों ने रुड़की के मोहनपुरा से हरियाणा जाने के लिए रोहित की टाटा नेक्सोन कार बुक की थी। तीनों युवक शराब के नशे में थे।

जैसे ही कार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गुड मंडी के पास पहुंची तो युवकों ने बहाने से कार रुकवा ली। कार के रुकते ही बदमाशो ने रोहित को कार से खींच लिया और उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया।

इसके बाद बदमाश उसकी कार लेकर भाग निकले। घटना के बाद चालक ने शोर मचा दिया। जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए।

बदमाश तेज रफ्तार से गाड़ी ले जा रहे थे। इसी दौरान लिब्बरहेड़ी के पास बदमाशों ने भागने के चक्कर में कार से एक स्कूटी को टक्कर मार दी।

इस हादसे में स्कूटी सवार अनिल त्यागी ( 65) निवासी ग्राम कुहाहेड़ी गुरुकुल नारसन की मौके पर ही मौत हो गई। अनिल त्यागी रुड़की सिचाई विभाग के रिटायर्ड इंजीनियर थे। वही हादसे के बाद आरोपित कार को मौके पर छोड़कर भाग निकले।

जानकारी मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया आनन-फानन में बदमाशों की तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि हादसे में अनिल त्यागी की मौत हो गई है, वहीं बदमाशों की तलाश की जा रही है।

News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव