
उत्तराखंड के राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे अतिथि (Guest) और संविदा (Contract) शिक्षकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। इन शिक्षकों के मानदेय (वेतन) में बढ़ोतरी करने की कवायद तेज हो गई है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, ननूरखेड़ा (देहरादून) की ओर से इस संबंध में एक विस्तृत और औचित्यपूर्ण प्रस्ताव विद्यालयी शिक्षा सचिव को विचार के लिए भेज दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टी की ओर से भेजे गए गए प्रस्ताव के बाद अब गेंद शासन के पाले में है। यदि शासन इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे देता है, तो प्रदेश के राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों में कार्यरत सैकड़ों अतिथि और संविदा शिक्षकों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। नक्शेदेखें
आवासीय विद्यालयों की 24×7 ड्यूटी बना मुख्य आधार
शिक्षा निदेशालय द्वारा भेजे गए इस प्रस्ताव में शिक्षकों की मांगों को पूरी तरह जायज ठहराया गया है। पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि राजीव गांधी नवोदय विद्यालय प्रदेश सरकार के आवासीय विद्यालय (Residential Schools) हैं। इन स्कूलों में तैनात अतिथि और संविदा शिक्षकों को सामान्य स्कूलों के मुकाबले आवासीय व्यवस्था के अनुरूप चौबीसों घंटे (24×7) अपनी सेवाएं देनी पड़ती हैं। काम के अधिक दबाव और जिम्मेदारियों को देखते हुए ये शिक्षक लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
पीजीटी और टीजीटी के बढ़ेंगे 13 हजार रुपये प्रति माह
शासन के पुराने संदर्भित पत्र (दिनांक 10 जुलाई, 2026) में पीजीटी (PGT) शिक्षकों का मानदेय 30,000 रुपये से बढ़ाकर 43,000 रुपये प्रति माह और टीजीटी (TGT) शिक्षकों का मानदेय 27,000 से बढ़ाकर 40,000 रुपये प्रति माह किए जाने के प्रस्ताव पर औचित्य और अन्य राज्यों की व्यवस्था के आधार पर रिपोर्ट मांगी गई थी।
इस पर अपनी आख्या भेजते हुए शिक्षा निदेशक ने सुझाव दिया है कि राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों के संविदा शिक्षकों का मानदेय जवाहर नवोदय विद्यालयों की तर्ज पर किया जाना उचित होगा। वर्तमान में जवाहर नवोदय विद्यालयों में तैनात संविदा शिक्षकों को पीजीटी (PGT) के लिए ₹35,750 और टीजीटी (TGT) के लिए ₹34,125 प्रति माह मानदेय दिया जा रहा है। निदेशालय ने सिफारिश की है कि राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों के शिक्षकों को भी यही दरें (पीजीटी के लिए ₹35,750 और टीजीटी के लिए ₹34,125) दी जाएं। साथ ही, भविष्य में जब भी जवाहर नवोदय विद्यालय के संविदा शिक्षकों का मानदेय बढ़े, तो उसी के अनुसार राज्य के इन विद्यालयों के शिक्षकों का मानदेय भी बढ़ाया जाए।
अन्य विभागों और संस्थानों का भी दिया गया हवाला
अपने प्रस्ताव को मजबूत करने के लिए शिक्षा निदेशालय ने कई अन्य उदाहरण भी शासन के सामने रखे हैं। मसलन, शासनादेश (26 अगस्त, 2021) के तहत प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में तैनात अतिथि शिक्षकों का मानदेय पहले ही 15,000 से बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रति माह किया जा चुका है। केन्द्रीय विद्यालयों में संविदा पर कार्यरत पीजीटी शिक्षकों को 27,500 और टीजीटी शिक्षकों को 26,250 रुपये प्रति माह मिल रहा है। इसके अतिरिक्त, फरवरी 2024 के शासनादेश के जरिए उपनल (उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लि.) के माध्यम से तैनात अकुशल से लेकर अधिकारी स्तर तक के कार्मिकों (13,639 से 39,171 रुपये तक) के नियत मानदेय में भी पुनरीक्षण (बढ़ोतरी) किया जा चुका है।



