उत्तराखण्ड

सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत, पति और दो बेटियां घायल

खबर शेयर करें -

थाना पुलभट्टा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-74 पर सिरौली चौराहे के पास शनिवार देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और दो मासूम बेटियां घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ, जब परिवार बाइक से पीलीभीत के बीसलपुर से रुद्रपुर जा रहा था। पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

मृतका की पहचान 28 वर्षीय उसमा देवी पत्नी कृष्ण कुमार निवासी अकबरगंज सिमरा, थाना बीसलपुर, जिला पीलीभीत के रूप में हुई है। कृष्ण कुमार खेती-किसानी करते हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम वह अपनी पत्नी उसमा देवी, तीन वर्षीय बेटी आराधना और एक माह की दूसरी बेटी के साथ बाइक से रुद्रपुर स्थित अपने साले के घर जा रहे थे। इसी दौरान पुलभट्टा थाना क्षेत्र में सिरौली चौराहे के पास पीछे से आए अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से उसमा देवी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि कृष्ण कुमार और दोनों बच्चियां भी घायल हो गईं। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसमा देवी को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलभट्टा थानाध्यक्ष उमेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। हादसे में शामिल अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव