
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल ने बंपर जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। आर्यन बेलवाल ने मतदान के पहले राउंड से लेकर अंतिम राउंड तक अपनी बढ़त बनाए रखी और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मेहुल को करीब 500 मतों के अंतर से हराया। वहीं एबीवीपी के धीरज बिष्ट तीसरे स्थान पर रहे।
एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर सुबह से ही छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मतदान प्रक्रिया सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली। इसके बाद शाम 4 बजे से मतगणना शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही और रात करीब 12 बजे के बाद चुनाव परिणाम सामने आए।
कॉलेज में कुल 12,800 छात्र-छात्राएं हैं। इनमें 7,633 छात्राएं और 5,167 छात्र शामिल हैं। चुनाव के लिए कुल 18 मतदान बूथ बनाए गए थे, जिनमें छात्राओं के लिए 10 और छात्रों के लिए 8 बूथ निर्धारित किए गए थे।
सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन अंदर ले जाने पर रोक लगाई गई थी। प्रत्येक बूथ पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई थी। वहीं कॉलेज परिसर में जीरो जोन भी बनाया गया था। पार्किंग के लिए एमबी मैदान की व्यवस्था की गई थी।
इस छात्रसंघ चुनाव में कुल 11 पदों के लिए 74 नामांकन वैध पाए गए थे। वहीं संयुक्त सचिव छात्रा और सांस्कृतिक सचिव पद पर केवल एक-एक नामांकन होने के कारण इन दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
आर्यन बेलवाल की जीत के बाद उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है। चुनाव परिणाम के साथ ही एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ की नई टीम को लेकर तस्वीर साफ हो गई।

