

अल्मोड़ा। विधानसभा क्षेत्र 53 जागेश्वर के अंतर्गत विकासखंड लमगड़ा के ग्राम पितना तोक, धारीगाड़ के ग्रामीणों ने सड़क सुविधा नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 20 वर्षों से 20 से 25 परिवार सड़क सुविधा से वंचित हैं, लेकिन अब तक किसी भी जनप्रतिनिधि या संबंधित विभाग ने उनकी समस्या का समाधान नहीं किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल और वर्तमान विधायक मोहन सिंह मेहरा के कार्यकाल में भी कई बार सड़क निर्माण की मांग उठाई गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि हर चुनाव में नेता गांव में आकर सड़क निर्माण के वादे करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद ग्रामीणों की समस्या को भुला दिया जाता है।
ग्रामवासियों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष आवाज उठाई गई, लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लगी। इस बार ग्रामीणों ने एकजुट होकर चेतावनी दी है कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सड़क निर्माण नहीं हुआ, तो वे “रोड नहीं तो वोट नहीं” का अभियान चलाएंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अभाव में उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में ग्रामीण कुंदन सिंह बोरा, रमेश सिंह रावत सहित समस्त ग्रामवासियों ने सरकार और प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
