उत्तराखण्ड

CM के जन्मदिन पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा, सरकारी जमीनें निजी हाथों में देने का लगाया आरोप

खबर शेयर करें -

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर कांग्रेस ने प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं आयोजित कर राज्य सरकार पर सरकारी जमीनों और संपत्तियों को निजी हाथों में देने का आरोप लगाया। देहरादून में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने पत्रकार वार्ता कर धामी सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

कांग्रेस ने लगाया सरकारी जमीनों को निजी हाथों में देने का आरोप

कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने आरोप लगाया कि रुद्रप्रयाग में लोक निर्माण विभाग के तीन महत्वपूर्ण निरीक्षण भवनों दुग्गल बिट्ठा, फाटा और गुप्तकाशी को सरकार औने-पौने दामों पर निजी हाथों में देने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में सड़क, पहुंच मार्ग और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होने के कारण इन संपत्तियों का महत्व काफी अधिक है। कांग्रेस का आरोप है कि केदार घाटी की इन बेशकीमती जमीनों को निजी संस्थाओं को देने की तैयारी की जा रही है। 

सरकारीयोजनाएं खोजें

गोगी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर बोर्ड (UIIDB) के माध्यम से प्रदेश की हजारों बीघा सरकारी जमीन और संपत्तियों को लंबी अवधि की लीज पर निजी हाथों में देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि नैनीताल के पटुवा डांगर की करीब 14 एकड़ भूमि पर प्रीमियम रिजॉर्ट, हरिद्वार के अलकनंदा होटल और ऋषिकेश के लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन को पीपीपी मोड के तहत होटल के रूप में विकसित करने के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।

कई हजार बीघा भूमि से जुड़े प्रस्ताव अनुमति के लिए लंबित

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यूआईआईडीबी को अब तक करीब 1200 एकड़ यानी छह हजार बीघा से अधिक सरकारी भूमि उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी दे चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि कई हजार बीघा भूमि से जुड़े प्रस्ताव अभी अनुमति के लिए लंबित हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लंबी अवधि की लीज के माध्यम से इन संपत्तियों को निजी हाथों में देने की व्यवस्था की जा रही है। 

सरकारीयोजनाएं खोजें

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने कहा कि वह सरकारी जमीनों और महत्वपूर्ण संपत्तियों को निजी हाथों में जाने से रोकने के लिए प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। पार्टी ने घोषणा की कि रुद्रप्रयाग में जिला कांग्रेस कार्यकर्ता दुग्गल बिट्ठा, फाटा और गुप्तकाशी स्थित निरीक्षण भवनों पर रक्षा सूत्र बांधकर आंदोलन की शुरुआत करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केदार घाटी की इन संपत्तियों को निजी हाथों में जाने से रोकने के लिए पार्टी हर स्तर पर आवाज उठाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव