उत्तराखण्ड

धामी सरकार ने विकास कार्यों के लिए मंजूर किए 805 करोड़, जानें कहा-कहा होंगे खर्च

खबर शेयर करें -

cm-dhami

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों को गति देने के लिए 805 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है। इसके तहत सड़कों के निर्माण एवं सुधार, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, बांधों और बैराजों की सुरक्षा, सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन, पेयजल व्यवस्था और बहुउद्देशीय भवनों के निर्माण समेत कई कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश के शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही की किश्त के रूप में 328.28 करोड़ रुपये जारी करने की भी स्वीकृति दी गई है।

धामी सरकार ने विकास कार्यों के लिए मंजूर किए 805 करोड़

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा जिले के रानीखेत  विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 1.72 करोड़ मंजूर किए हैं। वहीं उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के छह बांधों और बैराजों की सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विश्व बैंक पोषित परियोजना के तहत 398.30 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

धार्मिक स्थलों और पर्यटन क्षेत्रों का होगा विकास

चंपावत में ग्राम पंचायत दुधौरी स्थित भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 58.67 लाख और क्वारसिंह (अमोड़ी) स्थित भगवती दुर्गा मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 47.85 लाख मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़ में गुरु गोरखनाथ मंदिर मेला स्थल के विकास के लिए 32.53 लाख और अल्मोड़ा के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चलनीछीना में घटीका मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.39 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के सुदृढ़ीकरण के लिए 1.62 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। वहीं उत्तरकाशी के हर्षिल में मुख्य मार्ग पर स्थित भवन संख्या 1 से 23 तक के बाहरी हिस्सों के सौंदर्यीकरण के पहले चरण के लिए 4.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

सीवर और पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत

हरिद्वार में क्षतिग्रस्त और कम व्यास वाली सीवर लाइनों को बदलने के लिए भी धनराशि मंजूर की गई है। भूपतवाला क्षेत्र में सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन के लिए 7.65 करोड़ और कनखल क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सीवर लाइन बदलने के लिए 6.24 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। देहरादून जिले के रायपुर विकासखंड स्थित चक तुनवाला और भद्रकाली एन्क्लेव क्षेत्र में नलकूप, ओवरहेड टैंक, राइजिंग मेन और वितरण प्रणाली को मजबूत करने के लिए 9.84 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

बहुउद्देशीय भवन और सरकारी कार्यालयों का होगा निर्माण

चंपावत में पूर्णागिरी मेले के लिए सेलागांव में 4 करोड़ की लागत से बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन बनाया जाएगा। इससे मेला मजिस्ट्रेट, मेला अधिकारी, पुलिस और चिकित्सकों को एक ही स्थान पर बैठकर काम करने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा हरिद्वार के रोशनाबाद में आबकारी विभाग के कार्यालय एवं आवासीय भवन निर्माण के लिए 9.09 करोड़ और पिथौरागढ़ नगर निगम के कार्यालय भवन निर्माण के लिए 24.47 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। देहरादून के रायपुर में आरजीआईसीएस की मौजूदा पहली मंजिल पर प्रस्तावित शेड निर्माण के लिए भी 2.20 करोड़ मंजूर किए गए हैं। पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में किरौली स्कूल से जैतबुगा तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 74.44 लाख की स्वीकृति दी गई है।

शहरी निकायों को मिलेंगे 328 करोड़

मुख्यमंत्री धामी ने छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रत्याशा में पंचम राज्य वित्त आयोग की सिफारिशों के आधार पर प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर से दिसंबर 2026) के लिए 328.28 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। यह राशि तदर्थ आधार पर जारी की जाएगी

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव