
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के ‘राहुल मियां’ बयान पर एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज नितिन नबीन के खिलाफ़ नारेबाज़ी कर उनका पुतला फूंका।
नितिन नबीन के ‘राहुल मियां’ बयान से गरमाई सियासत
‘राहुल मियां’ बयान पर उत्तराखंड में एक बार फिर माहौल गरमा गया है। नितिन नबीन ने अपने संबोधन में राहुल गांधी का जिक्र किया था। जिसमें उन्होंने उन्हें राहुल गांधी कहकर संबोधित किया था। उनके इस बयान के बाद से कांग्रेस में आक्रोश है। हल्द्वानी में कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर नितिन नबीन के खिलाफ मोर्चा खोला।
कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा की भाजपा धर्म, सम्प्रदाय और जाति के नाम पर लोगों को बांटने वाली पार्टी है और ये हमेशा इन्हीं मुद्दों पर राजनीति करते हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नितिन नबीन के बयान पर उनसे माफी मांगने की मांग की है। कांग्रेस ने कहा ऐसे शब्दों का प्रयोग कर नितिन नबीन लोगों को भटकाना चाहते हैं।
नितिन नबीन ने क्या कहा?
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा ‘इस देश में ऐसे भी दल के लोग हैं जो वंदे मातरम् कहने में भी शर्मिंदगी महसूस करते हैं। मैं राहुल मियां से कहता हूं, मित्रों कि राहुल जी आप वंदे मातरम् का महत्व समझ ही नहीं सकते। क्योंकि आपने कहीं ना कहीं भारतीय संस्कृति के महत्व को ही नहीं समझा’।
नितिन नबीन ने आगे कहा ‘आप तो विदेशी संस्कृति में पले और बढ़े हैं। जिस वंदे मातरम् की गूंज से हजारों लाखों बलिदानियों ने अपना बलिदान दिया, इस देश की मिट्टी के लिए, देश की आजादी के लिए। उस वंदे मातरम् का पूरा गान करने से आपकी माताश्री और आपकी पार्टी अपमानित महसूस करती है। इस कांग्रेस को तो निश्चित रूप से हमें समाप्त कर देना चाहिए मित्रों।’
ये है पूरा विवाद
गौरतलब है कि हाल ही में संसद से वंदे मातरम् बिल पास हुआ था। इस बिल के अनुसार, वंदे मातरम् के सभी 6 अंतरे गाना अनिवार्य कर दिया गया है। बीते 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के दिन लाल किले पर भी वंदे मातरम् का गायन हुआ था। हालांकि कांग्रेस ने ऐलान किया था कि वे राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 6 पैरा में से सिर्फ दो पैरा ही गाएंगे


