
रुद्रपुर में आज भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित पंजाबी गौरव महासम्मेलन में सियासत से लेकर समाज तक की तस्वीर देखने को मिली। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उनके साथ ही सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत तमाम नेता मंच में मौजूद रहे।
रुद्रपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
पंजाबी गौरव महासम्मेलन में बड़ी संख्या में पंजाबी समाज के लोगों ने हिस्सा लिया और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान रुद्रपुर की धरती पर पंजाबी समाज की एकजुटता और उत्साह देखने को मिला। पंजाबी समाज के साथ-साथ पूर्वांचल, बंगाली और अन्य सामाजिक संगठनों के लोगों ने भी अतिथियों का स्वागत किया।
नितिन नबीन ने किया पंजाबी समाज के योगदान को याद
मंच से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने देश के निर्माण में पंजाबी समाज के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने मेहनत, साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति के जरिए देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अध्यक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का भी जिक्र किया।
सीएम धामी ने की पंजाबी समाज के योगदान की सराहना
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पंजाबी समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के विकास में हर समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

