उत्तराखण्ड

मिर्जापुर को लीगल नोटिस, बिना इजाजत शूरवीर गाना किया इस्तेमाल, जानिए पूरा विवाद

खबर शेयर करें -

 

mirzapur-movie-shurveer-song-controversy-rapperiya-balam-legal-notice

‘मिर्जापुर: द मूवी’ बॉक्स ऑफिस में तहलका मचा रही है। इसी बीच वो विवादों में भी फंसती नजर आ रही है। फिल्म में ‘शूरवीर’ गाने के इस्तेमाल को लेकर विवाद गरमा गया है। इंडिपेंडेंट आर्टिस्ट रैपरिया बालम ने आरोप लगाया है कि उनका गाना बिना उनकी अनुमति के इस्तेमाल किया गया। जिसके लिए उन्होंने मेकर्स एक्सेल एंटरटेनमेंट को लीगल नोटिस भेजा।

मिर्जापुर में बिना इजाजत शूरवीर गाना किया इस्तेमाल

दरअसल रैपरिया बालम की माने तो वो ‘शूरवीर’ गाने के कॉपीराइट मालिक हैं। उन्होंने ये गाना महाराणा प्रताप पर बनाया है। उनका दावा है कि फिल्म में इस गाने को मुन्ना भैया के हिंसा, गाली-गलौज और ड्रग्स वाले किरदार के साथ यूज किया जा रहा है। जो कि हिंसा को बढ़ावा दे रहा है। ऐसे में उन्होंने गाना हटाने और माफी मांगने और महाराणा प्रताप के नाम पर स्कूल बनाने की मांग की है। लीगल नोटिस में तीनों मांगें बताई गई हैं।

लीगल नोटिस में तीन मांगें

गाने के कंपोजर और गाने वाले रैपरिया बालम ने लीगल नोटिस में तीन मांग की हैं।

  • पहली मांग– फिल्म से ये गाना हटाया जाए
  • दूसरी मांग– हिंसक सीन में महाराणा प्रताप पर बना गाना चलाने को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी
  • तीसरी मांग– गांव में महाराणा प्रताप के नाम पर स्कूल बनाए

जानिए क्या है पूरा विवाद?

दरअसल चार सितंबर को मिर्जापुर रिलीज हुई। जिसमें एक हिंसक सीन में शूरवीर गाना दिखाया गया। फिल्म रिलीज हुई तो राजस्थान के मशहूर सिंगर रैपरिया बालम ने वीडियो जारी किया। जिसमें उन्होंने बताया कि मेकर्स ने उनकी इजाजत के बिना फिल्म में ये गाना इस्तेमाल किया। गाना महाराणा प्रताप की वीरता पर बनाया गयाहै। लेकिन फिल्म में इसका यूज विलेन का महिमामंडन करने के लिए किया जा रहा है।

म्यूजिक कंपनी ने मिर्जापुर टीम को दिया कॉपीराइट

सिंगर रैपरिया बालम ने दावा किया कि इस गाने के कॉपी राइट्स उनके पास हैं। हालांकि गाना रिलीज करने वाले ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने इस बात का खंडन किया है। इसके साथ ही विवाद गर्माता देख कंपनी ने मिर्जापुर के मेकर्स को इस गाने के राइट्स भी दे दिए हैं।

कॉपीराइट को लेकर रैपरिया बालम का दावा

रैपरिया बालम के भाई ने कहा, “‘शूरवीर’ से जुड़े सभी कॉपीराइट दस्तावेज रैपरिया बालम के असली नाम अशोक मंडा पर हैं। उन्होंने इस गाने का कॉपीराइट अपने नाम कराया था। बाद में हमने ‘शूरवीर’ सीरीज में 9-10 और गाने बनाए। इन सभी के कॉपीराइट सर्टिफिकेट हमारे पास हैं। लेखक की ओर से NOC भी हमारे पास है।”

उनके भाई ने कहा, “ये गाने कमर्शियल नहीं हैं। हमारा मकसद था कि अगली पीढ़ी हमारे इतिहास से जुड़े। हम चाहते थे कि बच्चे रैप म्यूजिक के जरिए इतिहास सीखें और अपने नेताओं की कहानियां जानें।”

गाना हिंसा को ग्लोरिफाई कर रहा

आगे उन्होंने कहा, “मिर्जापुर में मुन्ना भैया गाली दे रहे हैं और ड्रग्स ले रहे हैं। उसके किरदार को दिखाने के लिए बैकग्राउंड म्यूजिक में यह गाना लगाया गया है। यह हमारी राजस्थानी संस्कृति और महाराणा प्रताप का अपमान है। अगर कोई बच्चा यह देखेगा, तो वह मुन्ना भैया जैसे किरदार को महाराणा प्रताप से जोड़ सकता है। इससे गलत धारणा बनेगी।”

गाना ‘मिर्जापुर’ से हटाया जाए

उन्होंने कहा, “हम समझना चाहते हैं कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। हम चाहते हैं कि गाना ‘मिर्जापुर’ से हटा दिया जाए। यह इस फिल्म के लिए नहीं बना है। इसे गलत तरीके से दिखाने से हमारी भावनाओं और विचारधारा को ठेस पहुंच रही है।

ADVERTISEMENTS Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव