
देहरादून में खुद को पत्रकार बताकर एक व्यक्ति को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने और अवैध वसूली करने के मामले में प्रेमनगर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पीड़ित से अलग-अलग समय में साढ़े तीन लाख से अधिक की रकम वसूलने का आरोप है।
अवैध वसूली के आरोप में तथाकथित पत्रकार गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को राकेश कुमार निवासी ठाकुरपुर लक्ष्मीपुर, ईस्ट हॉप टाउन, प्रेमनगर ने कोतवाली प्रेमनगर में लिखित शिकायत दी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके परिचित प्रकाश चंद की ठाकुरपुर लक्ष्मीपुर में करीब 250 गज जमीन है, जिस पर छह दुकानों का निर्माण किया गया है।
झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर वसूले लाखों
आरोप है कि दुकानों के निर्माण के दौरान रजत सिंह नाम के व्यक्ति ने खुद को पत्रकार बताते हुए दुकानों के गोल्डन फॉरेस्ट की जमीन पर बने होने की झूठी खबर अपने चैनल में प्रसारित करने की धमकी दी। खबर प्रकाशित नहीं करने के एवज में आरोपी ने पीड़ित से पैसों की मांग शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रजत सिंह अलग-अलग तारीखों में पीड़ित से करीब ढाई लाख नकद और 97 हजार UPI के माध्यम से ले चुका था। इसके अलावा आरोपी अपने दो अन्य साथियों, जिन्हें वह पत्रकार बताता था, के साथ मिलकर पीड़ित को लगातार फोन कर गाली-गलौज और धमकी दे रहा था।
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
आरोपियों द्वारा पांच लाख की और मांग की जा रही थी। रकम नहीं देने पर चैनल में झूठी खबरें प्रसारित करने और जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की पुलिस ने मुख्य आरोपी रजत सिंह (28) निवासी सहसपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की और इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
