
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां पर शादी के महज 3 महीने बाद नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर बेटी की ह्त्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है वहीं इस पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले के रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिरचंदी गांव निवासी रतन ने बताया कि उनकी बेटी रेशमा की शादी सिसौना गांव में अमित नाम के युवक से करीब 3 महीने पहले हुई थी। दोनों की शादी उनकी पसंद और परिवार की सहमति से रीति रिवाज के साथ संपन्न हुई थी। मगर शादी के करीब तीन महीने बाद ही रेशमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जैसे ही घटना की जानकारी रेशमा के परिजनों को मिली तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेशमा के मायके पक्ष के लोग तुरंत उसके ससुराल पहुंचे जहां पर उन्होंने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया।जैसे ही यह मामला पुलिस प्रशासन के पास पहुंचा तो उन्होंने मामले की जांच पड़ताल शुरू की वहीं मृतका के शव को कब्जे में लिया। मृतका के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद अंतिम संस्कार की बात जब आई तो मायके और ससुराल के लोग आमने-सामने हो गए। इतना ही नहीं बल्कि दोनों पक्ष मोर्चरी के बाहर तीखी नोंक झोंक कर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे। हालांकि मृतका के मायके वाले ही उसके शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए। पुलिस प्रशासन की टीम ससुराल पक्ष पर लगे सभी आरोपों की जांच पड़ताल में जुट गई है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल पाएगा।

