उत्तराखण्ड

रामनगर में बाघ ने महिला को जबड़ों में दबोचा, पति की बहादुरी से बची जान

खबर शेयर करें -

tiger-attacks-couple-on-motorcycle-in-ramnagar

रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में बुधवार को बाघ के हमले से हड़कंप मच गया। मवेशियों के लिए घास लेने जा रहे बाइक सवार दंपति पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया।

रामनगर में बाइक सवार दंपति पर बाघ का हमला

जानकारी के अनुसार, टेड़ा निवासी 50 वर्षीय बबली देवी पत्नी दर्शन सिंह बुधवार सुबह अपने पति के साथ आघे लाल पहाड़ी के पास ग्रासलैंड क्षेत्र में घास लेने जा रही थीं। दंपति बाइक से जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बाघ ने उनकी चलती बाइक पर हमला कर दिया। हमले के चलते दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसके बाद बाघ ने बबली देवी को निशाना बनाया और उन्हें जबड़ों में दबोचकर जंगल की ओर घसीटने लगा।

मौत के मुंह से पत्नी को खींच लाया दर्शन

पत्नी को बाघ के चंगुल में फंसा देख दर्शन सिंह ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने शोर मचाते हुए बाघ का सामना किया। पति के लगातार विरोध और शोर मचाने से बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया। हालांकि, इस दौरान बबली देवी के हाथ पर बाघ के दांतों के गहरे निशान आ गए।घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल महिला को पर्यटकों की जिप्सी की मदद से रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

इलाके में दहशत का माहौल

मामले में एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि दंपति जंगल के करीब 300 मीटर अंदर गए थे। घटनास्थल से दरांती और महिला के कुछ कपड़े भी बरामद हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग की ओर से गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। बाघ के इस हमले के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगल से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाए जाने की जरूरत जताई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव