उत्तराखण्ड

PRD जवानों पर लाठीचार्ज से भड़की कांग्रेस, गोदियाल बोले ‘आवाज दबा रही भाजपा सरकार’

खबर शेयर करें -

कांग्रेस ने 18 नवम्बर को देहरादून में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे PRD जवानों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की है। गोदियाल ने अपना बयान जारी कर कहा कि भाजपा सरकार अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले कर्मचारियों, युवाओं और महिलाओं की आवाज को पुलिस की लाठियों के दम पर दबाना चाहती है। नक्शेदेखें

PRD जवानों पर लाठीचार्ज को कांग्रेस ने बताया अधिकारों का हनन
गणेश गोदियाल ने आगे कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ये वही जवान हैं जो प्रदेश की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं देते हुए राज्य की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उनके भविष्य, रोजगार की सुरक्षा, नियमित ड्यूटी और सम्मानजनक पारिश्रमिक जैसे मुद्दों पर सरकार की उदासीनता समझ से परे है।

अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करना हर नागरिक का अधिकार है: गोदियाल
गोदियाल ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना हर नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार का दायित्व है कि वह आंदोलनकारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करे, लेकिन भाजपा सरकार संवाद के बजाय लाठीचार्ज का रास्ता अपना रही है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश की सेवा करने वाले जवानों को अपनी ही सरकार के सामने न्याय की गुहार लगाने पर पुलिस की लाठियां खानी पड़ रही हैं। पुलिसभर्ती देखें

गोदियाल ने की लाठीचार्ज प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन ही जनसंघर्षों, आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान के परिणामस्वरूप हुआ है। ऐसे प्रदेश में अपनी मांगों के लिए संघर्ष कर रहे लोगों पर बल प्रयोग करना राज्य निर्माण की मूल भावना के विपरीत है। गोदियाल ने सरकार से मांग की कि PRD जवानों पर लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए । साथ ही घायल जवानों को उचित उपचार और मुआवजा दिया जाए। नक्शेदेखें

जवानों की मांगों पर हो तत्काल सकारात्मक निर्णय: गोदियाल
साथ ही पीआरडी जवानों की जायज मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेते हुए उनके रोजगार, सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस पीआरडी जवानों के न्यायोचित संघर्ष के साथ खड़ी है। सरकार को यह समझना होगा कि लाठीचार्ज से समस्याएं समाप्त नहीं होतीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच अविश्वास बढ़ता है। सरकार को दमन का रास्ता छोड़कर संवेदनशीलता के साथ जवानों की मांगों का समाधान करना चाहिए

ADVERTISEMENTS Ad Ad
News100Live Desk
टीम न्यूज़ 100 लाइव